पेरवी

डूब प्रभावित गांव जलसिंधी, मध्य प्रदेश

पेरवी, नर्मदा बचाओ आंदोलन और खेडुत मज़दूर चेतना संगठन की एक आदिवासी नेता, मध्य प्रदेश में सरदार सरोवर परियोजना से प्रभावित 193 गांवों में से एक जलसिंधी से थीं। नर्मदा बचाओ आंदोलन और खेडुत मज़दूर चेतना संगठन के साथ काम करते हुए, पेरवी को कई मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ा। शुरुआत में 1980 के दशक में मध्य प्रदेश के वन विभाग के खिलाफ वन भूमि पर आदिवासियों के अधिकार स्थापित करने के लिए और राज्य द्वारा अवर्णनीय दमन के विरुद्ध; उसके बाद, सरदार सरोवर परियोजना के खिलाफ नर्मदा बचाओ आंदोलन के साथ। इसलिए, पेरवी का साक्षात्कार नर्मदा बचाओ आंदोलन और खेडुत मज़दूर चेतना संगठन द्वारा लड़े गए कई संघर्षों को समझने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

“नर्मदा नदी हमारी माँ है और जंगल हमारे पिता है”, पेरवी, जिनकी दुर्भाग्य से मृत्यु हो चुकी है, उनके यह शब्द आदिवासियों की जीवन शैली और नदियों तथा जंगलों के बारे में उनकी मान्यताओं को प्रकट करते हैं। अपने साक्षात्कार में पेरवी समझाती हैं कि नर्मदा नदी के किनारे बसे आदिवासी समुदाय किस तरह और क्यों नर्मदा को अपनी माँ और जंगल को अपने पिता (जो आदिवासी जीवन शैली को पोषित करते हैं) मानते हैं। पेरवी आगे समझाती हैं कि उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि नर्मदा नदी पर इस विशालकाय बांध के निर्माण ने नदी का गला घोट कर उसे मार डाला है और अब नर्मदा बस एक फूली हुई बदबूदार लाश बन कर रह गयी है। वे समझाती हैं कि किस तरह नदी पर बांध का बनाया जाना न सिर्फ नदी की हत्या है बल्कि उसके गर्भ में पल रहे हर जीव – चाहे छोटे या बड़े – की हत्या भी है। सरदार सरोवर योजना को रोकने तथा आदिवासी जीवन के लिए ज़रूरी जंगलों की कटाई को बंद के लिए किए गए आंदोलन और इसके कारण उन्होंने जिस दमन का सामना किया उसके खिलाफ नर्मदा घाटी के लोगों के संघर्ष का भी पेरवी विस्तार से वर्णन करती हैं। 

इस साक्षात्कार के अनुवाद के लिए विशेष कौशल की ज़रुरत थी क्योंकि इसकी भाषा भीलाली थी जिसके लेखन के लिए कोई लिपि नहीं है और यह देश के एक बहुत छोटे हिस्से में ही बोली जाती है। इसलिए मैं इस साक्षात्कार का अनुवाद करने के लिए राहुल बेनर्जी का विशेष तौर पर धन्यवाद करना चाहूंगी।

साक्षात्कार की अवधी: 0:59:30

भाषा: भीलाली, सबटाइटल्स अंग्रेज़ी में 

सबटाइटल्स को वीडियो के नीचे दाईं ओर ‘CC’ बटन पर क्लिक करके चालू और बंद किया जा सकता है